भगवान बृहस्पति की कृपा, दान और सदाचार से जुड़ी पारंपरिक धार्मिक कथा
बृहस्पतिवार व्रत कथा का सारांश
बृहस्पतिवार व्रत कथा एक साहूकारनी की कहानी है, जो पहले धन संपन्न होने के बावजूद जरूरतमंदों को भिक्षा नहीं देती थी। उसकी इस कंजूस प्रव्रत्ति को सुधारने के लिए, एक साधु महात्मा के बताए उपायों को अपनाने के बाद, उसके घर में अन्न और धन की कमी हो जाती है। फिर महात्मा के मार्गदर्शन से वह अपनी आदतें बदलती है, और जरूरतमंदों को अन्न-जल देने लगती है। कथा के अनुसार, भगवान बृहस्पति की कृपा से उसके घर में फिर से धन-धान्य और वैभव लौट आता है। यह कथा दान, सेवा और सदाचार का संदेश देती है।
बृहस्पतिवार व्रत की संपूर्ण कथा
किसी गाँव में एक साहूकार रहता था, जिसके घर में अन्न, वस्त्र और धन की कोई कमी नहीं थी। परंतु उसकी पत्नी बहुत कंजूस थी। वह किसी भिक्षा माँगने वाले को कुछ नहीं देती थी। वह सारा दिन घर के कामकाज में लगी रहती थी।
पहली बार साधु महात्मा का आगमन
एक बार बृहस्पतिवार के दिन एक साधु महात्मा उसके द्वार पर आए और भिक्षा माँगी। उस समय साहूकारनी घर का आँगन लीप रही थी। उसने साधु महात्मा से कहा, “महाराज, इस समय तो मैं घर का आँगन लीप रही हूँ। आपको कुछ नहीं दे सकती। फिर किसी समय आना।”
साधु महात्मा खाली हाथ चले गए।
दूसरी बार भिक्षा माँगना
कुछ दिनों के पश्चात वही साधु फिर आए और उसी तरह भिक्षा माँगी। उस समय साहूकारनी अपने लड़के को खाना खिला रही थी। वह कहने लगी, “महाराज, मैं क्या करूँ? अभी भी मेरे पास समय नहीं है। आप भिक्षा लेने कभी और आना।”
महात्मा फिर वहाँ से चले गए।
तीसरी बार साधु महात्मा का आगमन
तीसरी बार जब महात्मा आए, तो साहूकारनी ने उन्हें फिर टालना चाहा। तब महात्माजी कहने लगे, “यदि तुम्हारे पास बहुत सारा समय ही समय हो जाए, तो क्या तुम मुझे भिक्षा दोगी?”
साहूकारनी कहने लगी, “हाँ महाराज, यदि ऐसा हो जाए, तो आपकी बड़ी कृपा होगी।”
साहूकारनी को बताया गया उपाय
साधु महात्मा कहने लगे, “अच्छा, मैं एक उपाय बताता हूँ। तुम बृहस्पतिवार को दिन चढ़ने के बाद उठना। फिर सारे घर में झाड़ू लगाकर कूड़ा एक कोने में जमा कर रखना। घर में चौका इत्यादि मत लगाना। फिर स्नान आदि करके घर के सभी लोगों से कह देना कि उस दिन सब हजामत अवश्य बनवाएँ।
रसोई बनाकर चूल्हे के पीछे रखा करो, सामने कभी न रखो। सायंकाल को अँधेरा होने के बाद दीपक जलाया करो। तथा बृहस्पतिवार को पीले वस्त्र मत धारण करो और न ही पीले रंग की चीजों का भोजन करो।
यदि ऐसा करोगी, तो तुम्हें घर का कोई काम नहीं करना पड़ेगा।”
घर में अन्न की कमी होना
साहूकारनी ने ऐसा ही किया। वह बृहस्पतिवार को दिन चढ़ने पर सोकर उठी। झाड़ू लगाकर कूड़े को घर में ही जमा कर दिया। पुरुषों ने हजामत बनवाई। भोजन बनाकर चूल्हे के पीछे रख दिया। वह हर बृहस्पतिवार ऐसा ही करती रही।
कुछ समय बाद उसके घर में खाने के लिए एक दाना भी नहीं रहा।
साहूकारनी ने फिर माँगी सहायता
थोड़े दिनों बाद महात्मा फिर आए और भिक्षा माँगी। परंतु साहूकारनी ने कहा, “महाराज, मेरे घर में खाने के लिए अन्न नहीं है। आपको क्या दे सकती हूँ?”
तब महात्मा ने कहा, “जब तुम्हारे घर में सब कुछ था, तब भी तुम कुछ नहीं देती थी। अब तुम्हारे पास बहुत सारा समय है, तब भी कुछ नहीं दे रही हो। तुम क्या चाहती हो, वह कहो।”
तब साहूकारनी ने हाथ जोड़कर प्रार्थना की, “महाराज, अब कोई ऐसा उपाय बताइए कि मेरे घर में पहले जैसा धन-धान्य हो जाए।”
साहूकारनी को सही मार्गदर्शन
तब महात्माजी को दया आई और वे बोले, “बृहस्पतिवार को प्रातःकाल उठकर स्नान आदि से निवृत्त होकर घर को गोबर से लीपो। कचरा घर में न रखो। घर के पुरुष हजामत न बनवाएँ। भूखों को अन्न-जल देती रहो। ठीक सायंकाल दीपक जलाओ। यदि ऐसा करोगी, तो भगवान बृहस्पति जी की कृपा से तुम्हारी सभी मनोकामनाएँ पूर्ण होंगी।”
घर में फिर लौटा सुख-समृद्धि का समय
साहूकारनी ने ऐसा ही किया। उसके घर में धन-धान्य और वैभव फिर से वैसा ही हो गया, जैसा पहले था।
बृहस्पतिवार व्रत कथा से मिलने वाली शिक्षाएँ
- दान का महत्व: सभी को अपनी सामर्थ्य के अनुसार जरूरतमंदों की सहायता करनी चाहिए।
- सेवा और करुणा: हमें भूखों को अन्न-जल देना और दूसरों के प्रति दयालु रहना चाहिए।
- अहंकार और कंजूसी से बचना: केवल धन-संपत्ति होना पर्याप्त नहीं; उसका सदुपयोग करना भी जरूरी है।
- अपनी गलतियों को सुधारना: साहूकारनी ने वक़्त रहते अपनी गलतियों से सीख ली, और वापस धनवान बन गयी ।
बृहस्पतिवार व्रत कथा: 5 महत्वपूर्ण प्रश्न और उत्तर
1. बृहस्पतिवार व्रत कथा किसके बारे में है?
यह कथा एक साहूकारनी के बारे में है, जो पहले भिक्षा नहीं देती थी। साधु महात्मा के मार्गदर्शन से वह अपना व्यवहार बदलती है और उसके घर में फिर से धन-धान्य लौट आता है।
2. बृहस्पतिवार व्रत कथा का मुख्य संदेश क्या है?
इस कथा का मुख्य संदेश जरूरतमंदों की सहायता करना, भूखों को अन्न-जल देना और दान तथा सेवा का महत्व समझना है।
3. साधु महात्मा ने साहूकारनी को क्या उपाय बताया?
महात्मा ने बृहस्पतिवार को प्रातःकाल उठने, स्नान करने, घर की सफाई रखने, घर में कचरा न जमा करने और भूखों को अन्न-जल देने का उपाय बताया।
4. बृहस्पतिवार व्रत कथा में भूखों को अन्न-जल देने का क्या महत्व है?
कथा में भूखों को अन्न-जल देना सेवा और दान का महत्वपूर्ण कार्य बताया गया है। साहूकारनी को भी महात्मा ने जरूरतमंदों की सहायता करने की सीख दी।
5. बृहस्पतिवार व्रत कथा से हमें क्या सीख मिलती है?
यह कथा सिखाती है कि हमें जरूरतमंदों के प्रति दयालु होना चाहिए, अपनी सामर्थ्य के अनुसार दान करना चाहिए और अपने व्यवहार में सुधार लाना चाहिए।
